Ranchi : झारखंड में चक्रवात ‘अर्णव’ के संभावित खतरे और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुये राज्य का आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड में है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका के मद्देनजर आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों के उपायुक्तों को तत्काल जरूरी और सुरक्षात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया है। प्रशासन को संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिये तैयार रहने को कहा गया है।
सभी जिलों में आपात बैठक, NDRF-SDRF रहेंगी तैयार
आपदा प्रबंधन मंत्री ने निर्देश दिया है कि सभी जिलों में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की आपात बैठक बुलाई जाये। संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमों को तैनात करने की तैयारी भी की जा रही है। प्रशासन को विशेष रूप से उन इलाकों पर नजर रखने को कहा गया है, जहां भारी बारिश के कारण जलजमाव या बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। अधिकारियों को किसी भी आपात परिस्थिति में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। भारी बारिश की आशंका को देखते हुये निचले और जलजमाव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति, संचार व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया है, ताकि खराब मौसम के दौरान आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
BDO और थानेदारों को 24 घंटे निगरानी के निर्देश
संभावित खतरे को देखते हुये सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) और थाना प्रभारियों को 24 घंटे स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने भी सभी जिलों के सिविल सर्जनों को अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य किसी भी विषम परिस्थिति में मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना है। वहीं, चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुये रांची समेत कई जिलों में एहतियातन स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश जारी किये गये हैं। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।





