Kohramlive : वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast ने अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एमपीवी VF MPV 7 की कीमत में बड़ी कटौती की है। कंपनी ने इसकी कीमत सीधे 4.10 लाख रुपये घटा दी है। इस बदलाव के बाद कार की शुरुआती कीमत 24.49 लाख रुपये से घटकर 20.39 लाख रुपये हो गई है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी नई कीमत अपडेट कर दी गई है। कीमत में इस बड़ी कटौती के बाद यह कार उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है, जो ज्यादा सीटिंग स्पेस, लंबी रेंज और इलेक्ट्रिक ड्राइविंग का विकल्प एक साथ चाहते हैं।
बड़ी फैमिली को ध्यान में रखकर तैयार की गई है कार
VinFast ने VF MPV 7 को 15 अप्रैल 2026 को भारतीय बाजार में पेश किया था। इसे खासतौर पर उन परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिन्हें एक साथ सात लोगों के सफर के लिये बड़ी कार चाहिये। लॉन्च के समय इसकी शुरुआती कीमत 24.49 लाख रुपये रखी गई थी। अब 4.10 लाख रुपये की कटौती के बाद यह पहले के मुकाबले काफी कम कीमत पर उपलब्ध होगी। नई कीमत के साथ VF MPV 7 भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में दूसरे मॉडलों को चुनौती दे सकती है। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच VinFast ने भारतीय बाजार में कुल 13,307 गाड़ियों की बिक्री की। इनमें VF MPV 7 की 520 यूनिट्स शामिल रहीं। कंपनी की कुल बिक्री में इस मॉडल की हिस्सेदारी करीब 3.91 प्रतिशत रही। इस अवधि में कंपनी की Limo Green सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही, जिसकी 7,192 यूनिट्स की बिक्री हुई। वहीं, VF 7 की 3,519 और VF 6 की 2,076 यूनिट्स बिकीं। अब कंपनी को उम्मीद है कि कीमत में कटौती के बाद VF MPV 7 की बिक्री को रफ्तार मिल सकती है।
7 लोगों के बैठने की जगह, 10.1 इंच की टचस्क्रीन
VF MPV 7 में तीन रो वाली सीटिंग व्यवस्था दी गई है, जिसमें एक साथ सात लोग सफर कर सकते हैं। कार का डिजाइन सिंपल और आकर्षक रखा गया है। इसमें बड़ी खिड़कियां और केबिन के लिए दो इंटीरियर थीम का विकल्प मिलता है। डैशबोर्ड पर 10.1 इंच की टचस्क्रीन दी गई है। कार के प्रमुख आयाम और स्पेस इस प्रकार हैं: लंबाई 4,740 mm, व्हीलबेस 2,840 mm, बूट स्पेस 126 लीटर, अधिकतम बूट स्पेस 1,240 लीटर।
एक बार चार्ज करने पर 517 किलोमीटर तक की रेंज!
इस इलेक्ट्रिक एमपीवी में 60.13 kWh की बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज होने पर यह कार 517 किलोमीटर तक चल सकती है। इसमें लगी इलेक्ट्रिक मोटर 204 PS की पावर और 280 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। रफ्तार के मामले में भी कार अच्छी बताई जा रही है। कंपनी के अनुसार, यह 9 सेकंड से कम समय में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। फास्ट चार्जिंग की भी सुविधा: DC फास्ट चार्जर की मदद से इसकी बैटरी को 10 प्रतिशत से 70 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 30 मिनट लगने का दावा किया गया है।







