Kohramlive : इंतजार लंबा था, अफवाहें अनगिनत थीं और अब टेक की दुनिया की निगाहें एक ही सवाल पर टिकी हैं, क्या Apple आखिरकार अपना पहला फोल्डेबल iPhone पेश करने जा रहा है? 9 सितंबर को होने वाले Apple के बड़े स्पेशल इवेंट को लेकर बाजार में जबरदस्त हलचल है। दावा किया जा रहा है कि इस इवेंट में iPhone 18 Pro सीरीज और नई Apple Watch के साथ कंपनी अपने बहुप्रतीक्षित फोल्डेबल iPhone से भी पर्दा उठा सकती है। लीक्स और रिपोर्ट्स में फोल्डेबल iPhone को लेकर कई बड़े दावे किए जा रहे हैं। इनमें करीब 7.8 इंच की मुख्य डिस्प्ले और नई पीढ़ी के A20 Pro प्रोसेसर का नाम सामने आ रहा है। हालांकि, इन स्पेसिफिकेशंस और कीमत की आधिकारिक पुष्टि Apple ने अभी नहीं की है। इसलिये फिलहाल इन्हें संभावित फीचर्स के तौर पर ही देखा जाना चाहिये।
iPhone X जैसी कहानी दोहराएगा Apple?
Apple के प्रशंसकों को 2017 का iPhone X याद होगा। नये डिजाइन और तकनीकी चुनौतियों के कारण घोषणा के बाद इसकी बिक्री में करीब दो महीने की देरी हुई थी। फोल्डेबल फोन की तकनीकी जटिलताएं इससे भी कहीं ज्यादा हैं। इसी वजह से टेक रिपोर्ट्स में आशंका जताई जा रही है कि 9 सितंबर को घोषणा होने के बावजूद फोल्डेबल iPhone की शिपिंग आगे खिसक सकती है। यानी इवेंट में फोन की झलक मिल जाये, लेकिन हाथ में आने के लिये थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।
iPhone Ultra या iPhone Fold? नाम पर भी सस्पेंस
Apple ने अभी तक फोन के आधिकारिक नाम की पुष्टि नहीं की है। टेक गलियारों में ‘iPhone Ultra’ और ‘iPhone Fold’ जैसे नामों की चर्चा सबसे ज्यादा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शुरुआती दौर में उत्पादन सीमित रह सकता है। भारी मैन्युफैक्चरिंग चुनौतियों के कारण फोन की Limited Supply बाजार में देखने को मिल सकती है। संभावना यह भी जताई जा रही है कि शुरुआत में अमेरिका जैसे चुनिंदा बाजारों में इसकी उपलब्धता हो और यूरोप तथा एशिया के बाजारों, भारत समेत, को कुछ और सप्ताह इंतजार करना पड़े।
कीमत सुनकर जेब भी तैयार रखिये!
फोल्डेबल iPhone सिर्फ तकनीक में ही प्रीमियम नहीं होगा, इसकी कीमत भी इसे खास बना सकती है। रिपोर्ट्स में इसकी शुरुआती कीमत करीब 2,000 डॉलर, यानी भारतीय मुद्रा में 1.70 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। अगर यह अनुमान सही निकला, तो यह Apple के सबसे महंगे iPhone मॉडल्स में शामिल होगा।




