Bihar : बाढ़ ने किसी का आशियाना छीना, किसी की मेहनत की फसल बहा दी, तो किसी के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा कर दिया। ऐसे मुश्किल वक्त में बिहार सरकार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत देनी शुरू कर दी है। CM सम्राट चौधरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के जरिये 1.60 लाख परिवारों के बैंक खातों में 112.14 करोड़ रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि भेजी। सरकार की इस पहल का मकसद बाढ़ की मार झेल रहे परिवारों को तत्काल आर्थिक सहारा देना है, ताकि वे मुश्किल हालात से उबरने की कोशिश कर सकें। हालांकि, लाखों लोगों की जिंदगी पर बाढ़ का असर अभी भी बना हुआ है और कई इलाकों में हालात चुनौतीपूर्ण हैं। राहत राशि के वितरण के बीच मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को स्पष्ट निर्देश दिया है कि अगर कोई पात्र बाढ़ प्रभावित परिवार सहायता से वंचित रह गया है, तो उसकी सूची तत्काल तैयार कर सरकार को भेजी जाये। सरकार का कहना है कि पात्र परिवारों को राहत से वंचित नहीं रहने दिया जायेगा। छूटे हुये परिवारों की पहचान कर उनके खातों में भी सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जायेगी।
14 अक्टूबर को किसानों के खाते में आयेगा कृषि अनुदान
बाढ़ की मार सिर्फ घरों तक सीमित नहीं रही। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद होने से किसानों की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया है। इसे देखते हुये CM सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि 14 अक्टूबर को बाढ़ प्रभावित किसानों के लिये कृषि इनपुट अनुदान की राशि जारी की जायेगी। इस सहायता से फसल नुकसान झेल रहे किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, दीपावली से पहले बाढ़ में क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की मरम्मत पूरी करने का निर्देश भी दिया गया है, ताकि त्योहार से पहले जनजीवन को सामान्य बनाने की कोशिश की जा सके।
गंगा-कोसी के उफान से 55 लाख लोग प्रभावित
बिहार में गंगा, गंडक, कोसी, बागमती और बलान समेत कई नदियों के उफान ने बड़े इलाके में तबाही मचाई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, राज्य में करीब 55 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुये हैं। कई परिवारों के सामने घर, रोजी-रोटी और भविष्य की चिंता एक साथ खड़ी है। भागलपुर जिले में स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। नवगछिया क्षेत्र में गंगा नदी के तेज कटाव से कई बड़े मकान नदी की धारा में समा गये हैं। जिन घरों को लोगों ने वर्षों की मेहनत से बनाया था, उन्हें अपनी आंखों के सामने उजड़ते देखना प्रभावित परिवारों के लिये किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। ऐसे इलाकों में राहत और बचाव कार्यों पर सरकार नजर बनाये हुये है। प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करना भी बड़ी चुनौती है।









