Patna : बिहार के डिप्टी CM और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सीधे-सीधे ऐलान कर दिया कि “अगले तीन महीनों में अपराधियों को बिहार से भागने पर मजबूर कर दूंगा।” पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने बिना लाग-लपेट के कहा कि बिहार में अपराध को “ठीक” करना है, कचरा साफ करना है और सफाई अभियान चलाना है। उन्होंने कहा कि “मेरे पास अब एक ही काम है। पार्टी का काम तो करता ही हूं, कुछ कचरा साफ भी हुआ है,
कुछ लोग भाग भी गये हैं। “जो लोग अभी नहीं भागे हैं, अगले तीन महीनों में उन्हें पक्का भगा दूंगा।”
सुशासन सरकार की पहली शर्त
सम्राट चौधरी ने दो टूक कहा कि बिहार को सुशासन चाहिये और सुशासन बिना अपराधमुक्त माहौल के संभव नहीं है। “हम अपराधियों को भागने पर मजबूर करेंगे, क्योंकि बिहार और बिहार की जनता सुशासन की हकदार है।” गौरतलब है कि पिछले महीने नीतीश कुमार सरकार में मंत्रियों के विभागों के बंटवारे के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा सम्राट चौधरी को
गृह विभाग मिलने को लेकर हुई थी। पहले यह विभाग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास था। गृह विभाग को सरकार का सबसे ताकतवर विभाग माना जाता है। अब डिप्टी CM के तेवर बता रहे हैं कि यह महकमा अब एक्शन मोड में है।




