Hazaribagh(Sunil Sahu) : इलाज का नाम, अस्पताल का बोर्ड, पर अंदर सब अवैध, खतरनाक और बेनियंत्रित। हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में इन दिनों ऐसे ही अवैध नर्सिंग होमों का अड्डा बनता जा रहा है, जहां बिना डिग्री के लोग ऑपरेशन तक कर रहे हैं और मरीजों की जिंदगी दांव पर लगी है। सूत्रों के मुताबिक, भद्रकाली नर्सिंग होम में कौन ऑपरेशन करता है, कौन दवाई लिखता है, इसका सही जवाब कभी नहीं मिलता। पूछो तो एक डॉक्टर का नाम लेते हैं… कुछ देर बाद दूसरा! अब खुलकर इल्जाम हैं कि ऑपरेशन कंपाउंडर स्तर के लोग करते थे, नर्सिंग होम के पास कोई लाइसेंस नहीं, संचालक एचडी मुनाजिर और देवंती के पास मेडिकल की कोई डिग्री नहीं, वहीं, वर्षों से झोलाछाप तरीके से इलाज हो रहा है। यह सब उस क्षेत्र में हो रहा है जहां लोग अस्पताल को उम्मीद की रोशनी समझकर पहुंचते हैं, पर अंदर उनका भरोसा तोड़ा जा रहा है। हजारीबाग से पहुंचे वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने जब बड़कागांव में छापेमारी की, तो भद्रकाली नर्सिंग होम ताला बंद मिला, संचालक और पूरा परिवार फरार एवं अंदरूनी अनयमितताओं के संकेत साफ मिले, यह वही पहली निशानी है जो बताती है, कुछ तो गड़बड़ थी, जिसके डर से पूरी टीम ताला झोंककर फरार हुई।




