Kohramlive : धरती पर शांति और मानवता में प्रेम का संदेश लेकर प्रभु यीशु मसीह का जन्मोत्सव बुधवार रात रांची समेत पूरे देश में आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। जैसे ही घड़ी ने रात 12 बजाये, गिरजाघरों की घंटियां गूंज उठीं और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। क्रिसमस की पूर्व संध्या से ही मसीही समाज में उत्सव की रौनक छाई रही। चर्चों को फूलों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। राजधानी रांची का नजारा भी अद्भुत दिखा। रात 11 बजे से विशेष प्रार्थना सभाएं शुरू हुईं और आधी रात होते ही मैरी क्रिसमस की गूंज चारों ओर सुनाई देने लगी। युवाओं ने आतिशबाजी की, लोगों ने केक काटे और एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनायें दीं। बच्चों के लिए सेंटा क्लॉज का आना खास आकर्षण रहा। घरों में सजे क्रिसमस ट्री और झांकियों के जरिये प्रभु के संदेश को याद किया गया। चर्च के फादर ने प्रेम, भाईचारे और दया का संदेश देते हुये सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।




