Bihar : दिल्ली के एक होटल में युवती के साथ कथित दुर्व्यवहार और शोषण के आरोपों को लेकर बिहार की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की ओर से सोशल मीडिया पर लगाये गये आरोपों में बिहार सरकार के मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक संजय सिंह का नाम सामने आने के बाद अब पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। चिराग ने साफ कहा कि आरोप बेहद गंभीर हैं और अगर उनकी पार्टी का कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो वह उसका बचाव नहीं करेंगे।चिराग पासवान के हवाले से मीडिया में आई खबर के अनुसार, जिस तरह एक पार्टी नेता ने उनके विधायक और मंत्री पर आरोप लगाये हैं, वे आरोप गंभीर हैं। उनका कहना है कि दोष साबित होने पर चाहे आरोपी उनकी पार्टी का नेता हो या परिवार का सदस्य, वह उसका बचाव नहीं करेंगे। चिराग ने यह भी कहा कि पार्टी ने संबंधित विधायक से जवाब मांगा है और जांच में आरोप सही पाये जाने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। चिराग के मुताबिक, यदि आरोप जांच में सही साबित होते हैं तो संबंधित व्यक्ति को पहले पद से हटाया जायेगा और फिर पार्टी से भी बाहर किया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि दोषी को कानून के तहत सख्त सजा मिले, इसके लिये वह और उनकी पार्टी अपनी भूमिका निभायेंगे। वहीं, तेज प्रताप ने दावा किया कि होटल कर्मचारियों के हस्तक्षेप से स्थिति संभाली गई और बाद में मामले को कथित तौर पर करीब 25 लाख रुपये के लेन-देन के जरिये रफा-दफा करने की कोशिश किये जाने की बात सामने आई।







