Ranchi : झारखंड के स्कूलों में अब बच्चों की पढ़ाई उनकी मातृभाषा और स्थानीय भाषाओं से जोड़ने की तैयारी है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को अंग्रेजी संवाद, डिजिटल ज्ञान और व्यावहारिक कौशल में भी दक्ष बनाया जायेगा। CM हेमंत सोरेन ने झारखंड राज्य भाषा शिक्षा नीति का प्रारूप तैयार करते समय राज्य की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। बुधवार को झारखंड मंत्रालय में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का मकसद सिर्फ किताबें और पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं होना चाहिये। बच्चों की रुचि, प्रतिभा और हुनर को भी निखारना जरूरी है। उन्होंने साफ कहा कि मातृभाषा के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई और सीखने की रफ्तार प्रभावित नहीं होनी चाहिये।
12वीं से पहले अंग्रेजी बोलने का आत्मविश्वास
CM ने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी स्पोकन की कक्षाओं की व्यवस्था की जाये। 12वीं पास करने से पहले ही बच्चों को अंग्रेजी में बातचीत और संवाद करने का आत्मविश्वास मिलना चाहिये। इससे उन्हें उच्च शिक्षा, नौकरी और प्रतियोगी परीक्षाओं में मदद मिलेगी। झारखंड की खेल प्रतिभा को देखते हुये मुख्यमंत्री ने कौशल आधारित शिक्षा में हॉकी को शामिल करने पर विचार करने को कहा। उनका मानना है कि राज्य के बच्चों को पढ़ाई के साथ अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर भी मिलना चाहिये। इसके अलावा विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से दक्ष बनाने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
मातृभाषा के साथ हिंदी-अंग्रेजी भी सीखेंगे बच्चे
मुख्यमंत्री ने ऐसी बहुभाषी शिक्षा व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया, जिसमें मातृभाषा को हटाये बिना हिंदी और अंग्रेजी को भी जोड़ा जाये। यानी स्थानीय भाषा, हिंदी और अंग्रेजी एक-दूसरे की पूरक बनेंगी। नीति का प्रारूप तीन शैक्षणिक चरणों में तैयार किया गया है। इसमें पूर्व बाल्यावस्था से कक्षा 2, कक्षा 3 से 5 और कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई शामिल है। वर्ष 2025 में गठित भाषा शिक्षा नीति निर्माण समिति ने झारखंड समेत दूसरे राज्यों की शिक्षा व्यवस्था का अध्ययन कर यह प्रारूप तैयार किया है। इस नीति का उद्देश्य स्थानीय भाषाओं को स्कूलों में जगह देना, बच्चों की समझ बेहतर करना और उन्हें पढ़ाई के साथ रोजगार व भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।









