Ranchi : दिल्ली में हुये बम विस्फोट के बाद झारखंड की राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। SSP राकेश रंजन के निर्देश पर बुधवार शाम से शहर और ग्रामीण इलाकों में 46 स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान की निगरानी सिटी SP और रूरल SP साझा तौर पर कर रहे थे। पुलिस का मुख्य फोकस संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की सुरक्षा पर है, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची रेलवे स्टेशन, हटिया और मुरी स्टेशन समेत सभी अहम रेलवे स्टेशनों पर RPF, GRP और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा संभाल रही हैं। शहर के महत्वपूर्ण चौक-चौराहों, बस स्टैंड और बाजारों में वाहन और व्यक्ति जांच की जा रही है। वहीं, CCTV कैमरे लगाये जा रहे हैं। डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्शन टीमें लगातार गश्त पर हैं। कई इलाकों में पुलिस ने होटलों, लॉज, धर्मशालाओं और किराये के मकानों की तलाशी ली है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने किरायेदारों और कर्मचारियों का सत्यापन जरूर करायें। SSP राकेश रंजन ने कहा कि, सुरक्षा में किसी तरह की ढील नहीं दी जायेगी। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम जनता से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।







