तेज रफ्तार में भाग रहे थे, तभी पलटी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति से जा रही थी। आशंका है कि चालक किसी वजह से जल्दबाजी में वाहन लेकर भाग रहा था। इसी दौरान रिंग रोड किनारे रखे चट्टान से कार जा भिड़ी और अनियंत्रित होकर पलट गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार में सवार लोग वहां से निकल चुके थे। हादसे के बाद कार के अंदर और बाहर खून के निशान भी मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दुर्घटना में कार सवार लोगों को चोट लगी होगी। लेकिन चोट के बावजूद वे मौके से कहां और किस दिशा में भागे, यह फिलहाल पुलिस के लिये जांच का विषय है। मौके पर पहुंची टाटीसिल्वे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और उसमें मौजूद बकरियों को जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर दो-चार बकरियों को अपनी बताते हुये साथ ले जाने का दावा किया। फिलहाल पुलिस ने सात बकरियों को थाना परिसर में सुरक्षित रखा है।






