UP : सावन की पावन बेला नजदीक है और उत्तर प्रदेश का शामली शहर अब तैयार है शिवभक्तों के स्वागत को एक नई आस्था और अनुशासन के संग। 10 जुलाई से 25 जुलाई तक नगर पालिका परिषद के आदेश पर शहर की हर मीट और नॉनवेज दुकान पर ताले लटकेंगे।
शुद्धता और श्रद्धा का संगम
कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी सड़क पर अगर मांसाहारी व्यंजन बिकते दिखे, तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। दुकानदारों को नोटिस भेज दिये गये हैं। अब अगर कोई नियम तोड़ेगा, तो जवाबदेही भी उसकी ही होगी।
सिर्फ शामली ही नहीं, सुरक्षा के घेरे में चार जिले
11 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मेरठ, बागपत, बुलंदशहर और हापुड़ में भी सुरक्षा का कड़ा पहरा बिठा दिया गया है। 540 किलोमीटर के लंबे कांवड़ मार्ग को 57 जोन और 155 सेक्टरों में बांटा गया है, जहां 119 बैरियर तैनात होंगे। ताकि हर शिवभक्त की यात्रा हो शांत, सुरक्षित और श्रद्धा से परिपूर्ण।








