Ranchi : जेल में 20 साल या उससे ज्यादा वक्त गुजारने के बाद भी झारखंड के 53 उम्रकैदियों को फिलहाल रिहाई नहीं मिलेगी। राज्य सरकार ने इनकी रिहाई के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। इनमें गैंगस्टर अनिल शर्मा, सुरेंद्र बंगाली और धनबाद का फहीम खान भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, राज्य की अलग-अलग जेलों से इन कैदियों की रिहाई के प्रस्ताव भेजे गये थे। इस पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली राज्य सजा पुनरीक्षण समिति को फैसला लेना था। 30 जुलाई को हुई बैठक में प्रस्तावों पर विचार किया गया।
बाहर आने पर बढ़ सकता है अपराध!
रिहाई पर फैसला लेने से पहले सरकार ने संबंधित जिलों के DC-SP से रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में आशंका जताई गई कि इन कैदियों के बाहर आने से संबंधित इलाकों में अपराध बढ़ सकता है। इसी आशंका के मद्देनजर समिति ने रिहाई के प्रस्तावों को मंजूरी नहीं दी।
गृह विभाग ने जारी किया आदेश
समिति के फैसले के बाद गृह विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। फिलहाल सभी 53 कैदियों को जेल में ही रहना होगा। लंबे समय से सजा काट रहे इन कैदियों की रिहाई पर सरकार के फैसले ने एक बार फिर अपराध नियंत्रण और सजायाफ्ता कैदियों की समयपूर्व रिहाई के सवाल को चर्चा में ला दिया है।









