Ranchi : राजधानी रांची के मोरहाबादी में मरंङ गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में 28 दिसम्बर से 16 जनवरी तक होने वाली HOCKEY INDIA LEAGUE 2025–26 में दर्शकों का शोर और जीत का जुनून देखने को मिलेगा। इसके सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री ने आज शाम अन्य आला अधिकारियों के साथ स्टेडियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयोजन से जुड़ी हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को बारीकी से परखा गया। उनके साथ रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन भी मौजूद थे।
DC ने दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों की सुविधायें, मीडिया व्यवस्था एवं सुरक्षा, यातायात और लॉजिस्टिक प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, निदेशक बी.एन. भूषण, CEO हॉकी झारखंड रजनीश कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, सिटी SP पारस राणा, ट्रैफिक SP राकेश सिंह, रूरल SP प्रवीण पुष्कर, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वरनाथ आलोक, सदर SDO उत्कर्ष कुमार, DPRO उर्वशी पांडेय, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। DC भजंत्री ने कहा कि HOCKEY INDIA LEAGUE का आयोजन रांची और झारखंड के लिये गर्व की बात है। सभी विभाग आपसी समन्वय से अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करें। DC भजंत्री ने सभी विभागों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने और नियमित समीक्षा का निर्देश देते हुये साफ कहा कि जिला प्रशासन HOCKEY INDIA LEAGUE 2025–26 के सफल आयोजन के लिये पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
DC के सख्त और स्पष्ट निर्देश
- सुरक्षा व्यवस्था: स्टेडियम व आसपास पुलिस बल, CCTV और निगरानी
- यातायात प्लान: सुचारु ट्रैफिक, पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग
- खिलाड़ियों व अतिथियों की सुविधा: आवास, परिवहन, भोजन, मेडिकल
- दर्शक सुविधाएं: सीटिंग, पेयजल, शौचालय, रोशनी, इमरजेंसी सेवा
- मीडिया व्यवस्था: मीडिया सेंटर, इंटरनेट, सुगम प्रवेश
- स्वच्छता व सौंदर्यीकरण: स्टेडियम और आसपास विशेष ध्यान
- आपदा प्रबंधन: एम्बुलेंस, अग्निशमन, क्विक रिस्पॉन्स टीम




