Ranchi : राजधानी रांची में गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारियों की आहट सुनाई देने लगी है। पूजा समितियां आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी में जुटी हैं। इसी सिलसिले में श्री गणेश पूजा रांची महानगर जिला महासमिति के तहत विभिन्न गणेश पूजा समितियों का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल आज CM हेमंत सोरेन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में CM हेमंत सोरेन मुलाकात की और उन्हें गणेश महोत्सव-2026 में शामिल होने के लिये न्योता दिया। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने CM हेमंत सोरेन को महोत्सव की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी। पूजा समितियों की ओर से CM को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण सौंपा गया। CM ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुये गणेश महोत्सव-2026 के लिये शुभकामनाएं दीं।
‘पर्व समाज को जोड़ने का काम करते हैं’
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रांची जैसे विविधताओं से भरे शहर में ऐसे आयोजन लोगों को एक साथ जोड़ने का अवसर भी देते हैं। गणेश उत्सव के दौरान पूजा पंडालों से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक, शहर में उत्सव का अलग ही रंग देखने को मिलता है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी मौजूद रहीं। प्रतिनिधिमंडल में श्री गणेश पूजा रांची महानगर जिला महासमिति के नंद किशोर सिंह चंदेल, विक्रम सिंह सोनू, संदीप मुखर्जी, राहुल सिंह, विक्की वर्मा, टून्ना सिंह, लखन कुमार, विनय सिंह, सागर, शीला उरांव, कविता वर्मा, अर्चना मिर्धा, रेखा साव, नीलू सिंह, मंजुला बेरा, अमन ठाकुर, सूरजभान सिंह, साहिल, रोहन सिंह रिकी, अमित सिंह चंदेल, जीतू अरोड़ा, नरेश मक्कड़ मिशु, गुलशन नंदा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।








