Ranchi : अपराध की गुत्थी सुलझाना हो या किसी मामले की तह तक पहुंचना, पुलिस की जांच जितनी मजबूत होगी, इंसाफ की राह उतनी ही आसान होगी। इसी सोच के साथ झारखंड पुलिस ने अनुसंधान की गुणवत्ता बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। रांची के होटवार स्थित अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय में सब-इंस्पेक्टरों के लिये पांच दिवसीय एडवांस्ड इन्वेस्टिगेशन ट्रेनिंग कोर्स आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष प्रशिक्षण का मकसद पुलिस अधिकारियों के जांच कौशल को निखारना और अनुसंधान की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी तथा पेशेवर बनाना है। उम्मीद है कि इससे राज्य में आपराधिक मामलों की जांच को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
हर जिले से दो सब-इंस्पेक्टर होंगे नामित
प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड के सभी जिलों के साथ रेल पुलिस प्रमंडलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये थे। इसके तहत प्रत्येक जिले और रेल पुलिस प्रमंडल से दो-दो सब-इंस्पेक्टरों को नामित करने को कहा गया था। IG ट्रेनिंग की ओर से जारी निर्देश में संबंधित अधिकारियों की सूची उनके व्हाट्सएप नंबर के साथ भेजने का आदेश दिया गया था, ताकि प्रशिक्षण से जुड़ी सूचना और आवश्यक समन्वय समय पर किया जा सके। नामित अधिकारियों को 11 अक्टूबर की दोपहर तक होटवार स्थित अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय में योगदान देने को कहा गया था। प्रशिक्षण में शामिल होने वाले सभी पुलिसकर्मियों को पूरी वर्दी और पहचान पत्र के साथ उपस्थित होना था। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों की अनुसंधान संबंधी दक्षता को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।









