Ranchi : कोरोना की दूसरी लहर को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह से सख्त हो गई है। बिना मास्क चलने वाले लोगों और कोविड-19 के दिशा निर्देशों के उल्लंघन करने वाले दुकानों/प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत बुधवार को डीसी छवि रंजन और एसएसपी सुरेंद्र ओझा ने राजधानी में मास्क चेकिंग अभियान चलाया।
सुजाता चौक और पीपी कंपाउंड में मास्क चेकिंग अभियान
डीसी छवि रंजन और एसएसपी सुरेंद्र झा ने सुजाता चौक पर पीपी कंपाउंड के आसपास मास्क चेकिंग अभियान चलाया। क्षेत्र के विभिन्न दुकानों में कोविड-19 के दिशा निर्देशों के अनुपालन को लेकर भी पदाधिकारियों द्वारा जांच की गई।
बिना मास्क चलने वाले लोगों की जांच
अभियान के दौरान बिना मास्क के चलने वाले लोगों पर सख्ती की गई। बिना मास्क के लोगों को जिला प्रशासन के गाड़ी में बैठा कर जांच के लिए जांच केंद्र भेजा गया। पॉजिटिव आने पर ऐसे लोगों को कोविड केयर सेंटर भेजा जाएगा।
नो मास्क नो एंट्री का चिपकाया गया पोस्टर
सुजाता चौक और पीपी कंपाउंड के विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों में डीसी और एसएसपी द्वारा कोविड-19 के दिशा निर्देशों को लेकर जांच की गई। डीसी ने दुकानदारों, संचालकों को बताया कि कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पूरी तरह से पालन करें। बिना मास्क के किसी को दुकान में ना घुसने दें। ज़िला प्रशासन द्वारा दुकानों के बाहर नो मास्क नो एंट्री का पोस्टर चिपकाया गया।
रात 8:00 बजे के बाद दुकानों को बंद रखें- डीसी
उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन ने सुजाता चौक और पीपी कंपाउंड के आसपास के दुकानदारों से बात करते हुए उनसे कोरोना से संबंधित दिशा निर्देशों का पूरी तरह से अनुपालन करने को कहा। उन्होंने कहा कि रात्रि 8:00 बजे के बाद अपनी दुकानों को बंद रखें, बिना मास्क के किसी को ना आने दें, अन्य दिशा निर्देशों का भी पूरी तरह से पालन करें।
एसएमएस फार्मूला का पालन करें- डीसी
डीसी ने रांची वासियों से एक बार फिर से कहा है कि कोरोना से बचाव के लिए जरूरी है कि हम सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि बिना मास्क के ना चलें, SMS फार्मूला का पालन करें, आने वाले दिनों में भी बिना मास्क के चलने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को भी उपायुक्त ने दिशा निर्देशों का पूरी तरह से पालन करने को कहा है। उल्लंघन करने पर जिला प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर श्रीमती समीरा एस एवं कार्यपालक दंडाधिकारी सदर श्री राकेश रंजन उरांव भी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : सेंट्रल मिनिस्टर #ArjunMunda कोरोना पॉजिटिव, #Tweet कर साझा की जानकारी
इसे भी पढ़ें : राजधानी में युवक की लटकी मिली लाश, शराब की थी लत









