Ranchi : राजधानी रांची में मां दुर्गा के स्वागत की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। पूजा पंडालों की रौनक बढ़ने लगी है और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुये पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार के दौरान आस्था के रंग में कोई खलल न पड़े और लोगों को जाम या अव्यवस्था से जूझना न पड़े, इसके लिये रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में आज रांची पुलिस के आला अधिकारियों ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान रूट वेरिफिकेशन कर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं की आवाजाही तक की तैयारियों का जायजा लिया गया।
पूजा पंडालों से प्रमुख सड़कों तक, हर व्यवस्था की पड़ताल
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पूजा पंडालों के आसपास की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और पार्किंग की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। श्रद्धालुओं को दर्शन के लिये आने-जाने में परेशानी न हो और भीड़ के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिये जरूरी बिंदुओं की समीक्षा की गयी। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से समय रहते निपटा जा सके। दुर्गापूजा के दौरान राजधानी के प्रमुख पूजा पंडालों और व्यस्त मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था संभालना भी पुलिस के लिये बड़ी चुनौती होती है। रांची पुलिस की तैयारी है कि श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिले, वाहन पार्किंग व्यवस्थित रहे और भीड़ को नियंत्रित करने के लिये जरूरी इंतजाम समय पर किये जायें। पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान इन्हीं पहलुओं का जायजा लिया।









