Ranchi : मां का साया सिर से उठ जाये, तो जिंदगी में एक ऐसा खालीपन रह जाता है, जिसे दुनिया की कोई दौलत नहीं भर सकती। मां की यादें घर के कोने-कोने में बस जाती हैं और उनकी कमी हर पल महसूस होती है। झारखंड के CM हेमंत सोरेन भी इन दिनों इसी गहरे दुख से गुजर रहे हैं। उनकी मां स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिये रामगढ़ स्थित उनके पैतृक गांव नेमरा में राजनीतिक गलियारों से लेकर प्रशासनिक महकमे तक के लोगों का पहुंचना जारी रहा। गांव में शोक और संवेदना का माहौल रहा। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धासुमन अर्पित किये। वहीं, CM हेमंत सोरेन से मुलाकात कर इस कठिन समय में उनके प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।
दलीय सीमाओं से ऊपर दिखा संवेदना का रिश्ता
राजनीति में विचार अलग हो सकते हैं, रास्ते अलग हो सकते हैं, लेकिन दुख की घड़ी में संवेदना इंसान को इंसान से जोड़ती है। नेमरा में भी कुछ ऐसी ही तस्वीर सामने आयी, जब अलग-अलग राजनीतिक पृष्ठभूमि से आने वाले नेता CM हेमंत सोरेन के परिवार के दुख में सहभागी बनने पहुंचे। श्रद्धांजलि देने वालों में विधायक प्रदीप यादव, जनार्दन पासवान और मंगल कालिंदी शामिल रहे। इनके अलावा पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और बन्ना गुप्ता, पूर्व सांसद घूरन राम, शैलेंद्र महतो, भुवनेश्वर प्रसाद मेहता और रविंद्र कुमार पांडेय ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पूर्व विधायक समरी लाल और अपर्णा सेनगुप्ता सहित अन्य लोगों ने भी नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री के प्रति अपनी सहानुभूति जतायी। कई IAS) और IPS के आला अधिकारियों ने भी श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की। CM हेमंत सोरेन और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताने के लिये राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां एकजुट नजर आयीं।









