Hazaribagh : हजारीबाग पुलिस ने झपट्टामार कोढ़ा गिरोह के आठ शातिर अपराधियों को धर दबोचा है। इनके पास से करीब 27 ग्राम सोने के आभूषण, चोरी की चार मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन, छह फर्जी नंबर प्लेट और नशीले पदार्थ की 23 पुड़िया बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने बिहार और झारखंड में 100 से ज्यादा छिनतई की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। हजारीबाग के SP अमन कुमार को 1 सितंबर को सूचना मिली थी कि पहले कई छिनतई की वारदातों को अंजाम दे चुका कोढ़ा गिरोह फिर शहरी इलाके में सक्रिय है। सूचना मिलते ही सदर SDPO रूपक कुमार के नेतृत्व में एंटी क्राइम चेकिंग और छापेमारी टीम बनाई गई। इसमें अलग-अलग थानों के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल किये गये। लोहरसिघना थाना पुलिस हजारीबाग झील के आसपास एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में चारों टूट गये और अपना गुनाह कबूल कर लिया। इनकी निशानदेही पर चौपारण थाना क्षेत्र के मरहेड़ी गांव के अरशद खान, अजहर खान और अफसर खान को भी पूछताछ के लिये लाया गया। इनके घर से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं। वहीं सावन कुमार को गिरफ्तार कर उसके पास से छीने गये सोने के आभूषण भी बरामद किये गये। पकड़े गये लोगों के नाम मिठ्ठू यादव, रितिक कुमार यादव, सन्नी कुमार, अमन यादव, सावन कुमार, अरशद खान, अजहर खान और अफसर खान बताये गये।




