जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक कांस्टेबल ने ससुराल में अपनी पत्नी, सास व ससुर की सर्विस राइफल से गोली मारकर हत्या कर दी। मंगलवार की रात जम्मू सिहर उठा। घटना सतवारी थाना क्षेत्र के फ्लायं मंडाल इलाके के अलोरा गांव की है। प्रमोशन की खुशी मनाने ससुराल पहुंचे पुलिसकर्मी ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना के कुछ देर बाद पुलिसकर्मी को उसके गजनसू गांव स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।

खुशी जताने के लिए किया हवाई फायरिंग
कांस्टेबल राजेंद्र कुमार मंगलवार की रात लगभग नौ बजे अपनी ससुराल अलोरा पहुंचा। उसने वहां पहुंचकर लोगों को बताया कि उसका प्रमोशन हो गया है। पहले उसने ससुराल के लोगों को मिठाई खिलाई और खुशी जताने के लिए हवाई फायरिंग की। अचानक उसने पत्नी सीमा देवी, सास राज कुमारी और सुसर रमेश कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।

तीनों गोली लगने के बाद खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। उसने साले पर भी फायर किया, लेकिन वह बच निकला। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। इस बीच खून ज्यादा बहने से सास की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी और ससुर ने जीएमसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सतवारी पुलिस की एक टीम ने गजनसू से राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी से कई बार कर चुका है विवाद
अस्पताल में पुलिसकर्मी के खिलाफ मृतकों के परिजनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि चार साल से पारिवारिक विवाद चल रहा था। महिला थाने में शिकायत के बाद पांच हजार रुपये प्रति माह वह खर्च के लिए देता था। वह पहले भी पत्नी से कई बार विवाद कर चुका है। कई बार उसने पिटाई भी की थी।

दुकान में रिश्तेदारों को भी खिलाई मिठाई
बताया जा रहा है कि कांस्टेबल राजेंद्र सिंह अलोरा में वारदात से पहले रिश्तेदारों की दुकान में गया था। यहां पर उसने हेड कांस्टेबल बनने की खुशी में उन्हें मिठाई भी खिलाई।जहां उसने कहा था कि आज ससुराल में इतनी खुशी मनाई जाएगी कि सब लोग याद रखेंगे। बताते हैं कि कांस्टेबल बार एसोसिएशन के एक अध्यक्ष का पीएसओ भी रह चुका है।






