Dhanbad : धनबाद में हत्या के आरोपी ने पुलिस की गिरफ्त से भागने के लिए सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राम प्रताप प्रसाद हत्याकांड में संदिग्ध था। उसे मैथन से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में हत्या की बात सामने आने के बाद पुलिस उसे हथियार बरामद करने टुंडी के मनियाडीह ले गई थी। इसी दौरान उसने भागने की कोशिश की।
लूट की रकम के विवाद में हत्या!
ग्रामीण SP मो. याकूब के अनुसार, जून में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में राम प्रताप और शंकर ने कथित तौर पर मिलकर लूट की थी। रकम के बंटवारे को लेकर दोनों में विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश में शंकर ने राम प्रताप की गोली मारकर हत्या कर दी। अगस्त में राम प्रताप की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज हुई थी। बाद में मनियाडीह से बरामद एक अज्ञात शव की पहचान राम प्रताप के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस आरोपी की अन्य आपराधिक गतिविधियों और हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी को लेकर जांच कर रही है।









