Bhopal : भोपाल के रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह हत्या के आरोपित नीलेश ठाकुर ने भागने की कोशिश के दौरान प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर दो गोलियां चला दीं। एक गोली कंधे के पास और दूसरी पीठ में लगी। गंभीर घायल प्रहरी को भोपाल एम्स रेफर किया गया है। नीलेश को जेल में आयोजित स्कूली कार्यक्रम के लिये फलों की टोकरी लेने गेट के पास भेजा गया था। मौका मिलते ही उसने गेट खोला और भागने लगा। प्रहरी ने रोकने की कोशिश की तो उसने कट्टे से फायरिंग कर दी। जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. अभिषेक सागर के अनुसार, एक गोली फेफड़े के निचले हिस्से तक पहुंची है। हालत गंभीर होने पर प्रहरी को एम्स भेजा गया।
जेल में कट्टा पहुंचने पर सवाल
इस वारदात के बाद जेल में तहलका मच गया। घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। हत्या के आरोपित के पास कट्टा कैसे पहुंचा, पुलिस इसकी जांच कर रही है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जेलकर्मियों से पूछताछ जारी है। जेल महानिदेशक वरुण कपूर ने बताया कि शुरुआती जांच में कट्टा जेल की दीवार के बाहर से अंदर फेंके जाने की आशंका है। घटना के बाद जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया गया है। जांच IG रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस हथियार पहुंचाने वाले और पूरी घटना के पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी है।




