Ranchi : छात्र आदित्य की मौत ने रांची ट्रिपल आईटी में विरोध की चिंगारी भड़का दी है। रविवार की रात धरने पर बैठे विद्यार्थी सोमवार को भी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। छात्र-छात्रायें सड़क पर उतर आये हैं। उनकी मांग है कि संस्थान के निदेशक को हटाया जाये और चेयरमैन खुद सामने आकर जवाब दें। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि छात्रावास में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। उनका दावा है कि आदित्य को अस्पताल पहुंचाने के लिए दूसरे वर्ष के छात्रों को खुद एंबुलेंस चलानी पड़ी। इस घटना के बाद एंबुलेंस, ऑक्सीजन और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
फीस मोटी, सुविधाएं अधूरी?
विद्यार्थियों ने कैंटीन के खानपान और छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि मोटी फीस देने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। छात्रों ने परिसर में सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्था को भी अपर्याप्त बताया है। छात्रों ने साफ कहा है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने खेलगांव चौक जाम करने की चेतावनी भी दी है। फिलहाल विद्यार्थी प्रदर्शन पर डटे हैं। इधर, पुलिस छात्र आदित्य की मौत की जांच कर रही है। वह बिहार के भागलपुर के नवगछिया का निवासी था।









