Kohramlive : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिये पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के कार्यकर्ता भी जंतर-मंतर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने AISA नेता नेहा बोरा को हिरासत में लिया। हिरासत से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आये हैं, जिनमें नेहा पुलिसकर्मियों से कहती नजर आ रही हैं कि अगर उन्हें जबरन ले जाना है तो ले जायें, लेकिन वह अपनी इच्छा से उनके साथ नहीं जायेंगी। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें उठाकर हिरासत में लिया। नेहा बोरा की हिरासत से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी का माहौल दिखाई देता है। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और निर्धारित क्षेत्र में रखने की कोशिश की गई, वहीं, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे।
जंतर-मंतर पर सुरक्षा का कड़ा घेरा
प्रदर्शन को देखते हुये दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेड लगाये गये और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को निर्धारित क्षेत्र में रखने की कोशिश की। प्रदर्शन स्थल और आसपास इंटरनेट सेवाएं निलंबित किये जाने की भी जानकारी सामने आई है। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेताओं संजय सिंह, आतिशी और सौरभ भारद्वाज को भी हिरासत में लिया। इस कार्रवाई पर AAP और अन्य विपक्षी दलों की ओर से विरोध जताया गया। सौरभ भारद्वाज ने समर्थकों से आंदोलन जारी रखने और जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। वहीं आतिशी ने कहा कि वे पुलिस की कार्रवाई से डरने वाली नहीं हैं और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े अपने मुद्दे को लेकर संघर्ष जारी रखेंगी।





