Kohramlive : डायबिटीज के मरीजों के लिये शुगर की बार-बार जांच करना किसी रोजमर्रा की चुनौती से कम नहीं। लेकिन अब तकनीक ने इस परेशानी को काफी हद तक आसान बना दिया है। कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटरिंग (CGM) तकनीक में हाथ के पीछे एक छोटा सेंसर लगाया जाता है, जो लगातार ग्लूकोज के स्तर पर नजर रखता है। सिक्के के आकार का यह वायरलेस सेंसर करीब 15 दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है। यह हर पांच मिनट में ग्लूकोज का डेटा दर्ज करता है। मोबाइल एप के जरिये मरीज अपने शुगर स्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव को देख सकते हैं। रात में सोते समय शुगर का स्तर तय सीमा से नीचे या ऊपर जाने पर अलार्म की सुविधा मरीज को सतर्क कर सकती है। कुछ प्रणालियों में परिवार के सदस्य भी मोबाइल पर अलर्ट प्राप्त कर सकते हैं।
₹4,000 से ₹5,000 तक हो सकती है कीमत
विशेषज्ञों के अनुसार, CGM तकनीक से मरीज यह समझ सकते हैं कि खान-पान, व्यायाम, दवाओं और इंसुलिन का उनके ग्लूकोज स्तर पर क्या असर पड़ रहा है। इससे डॉक्टर को इलाज में जरूरी बदलाव करने में भी मदद मिल सकती है। यह तकनीक खासकर टाइप-1 डायबिटीज, बार-बार शुगर कम होने की समस्या और गर्भावस्था में डायबिटीज के कुछ मामलों में उपयोगी हो सकती है। एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. अमित रस्तोगी के हवाले से मीडिया में आई खबर के मुताबिक, इस डिवाइस से बार-बार उंगली में सुई चुभोकर शुगर जांचने की जरूरत कम हो सकती है। अकेले रहने वाले मरीजों के लिये भी अलर्ट की सुविधा मददगार है। सेंसर से शुगर के पैटर्न को समझने और सर्जरी से पहले ग्लूकोज नियंत्रित करने में सहायता मिल सकती है।
ध्यान रखें, सेंसर पारंपरिक जांच का हर स्थिति में विकल्प नहीं
CGM सेंसर ग्लूकोज के रुझान और उतार-चढ़ाव की जानकारी देता है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार उंगली से जांच भी करनी पड़ सकती है। डिवाइस की कीमत, अलर्ट और मोबाइल पर डेटा साझा करने जैसी सुविधाएं मॉडल के अनुसार अलग हो सकती हैं। सेंसर की मदद से शुगर पर नजर रखना आसान हो सकता है, लेकिन दवा या इंसुलिन की खुराक में बदलाव डॉक्टर की सलाह से ही करें।









