Hazaribagh : शहर में वार्षिक उर्स एवं कव्वाली मेले के आयोजन को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मस्सर्रत खान मैनेजिंग कमिटी की ओर से कचहरी के निकट नवाबगंज स्थित हजरत दाता तकिया मजार के वार्षिक उर्स एवं कव्वाली मेले का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम झील रोड स्थित केएन इस्लामियां उच्च विद्यालय के मैदान में होगा।आयोजन के दौरान शहर में यातायात सुचारु बनाये रखने और लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिये हजारीबाग पुलिस कप्तान ने मार्ग परिवर्तन और वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध से संबंधित निर्देश जारी किये हैं। यह व्यवस्था 25 अक्टूबर 2026 से 27 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि तक लागू रहेगी।
इन रास्तों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
पुलिस की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, सीसीआर मोड़ से तकिया मजार जाने वाली सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसी तरह इंद्रपुरी से तकिया मजार की ओर जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, डिस्ट्रिक्ट मोड़ की ओर से आने वाले वाहनों को पुराने समाहरणालय के गेट से मोड़कर झील की तरफ भेजा जायेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करते हुये पुलिस प्रशासन को सहयोग दें, ताकि उर्स एवं कव्वाली मेले के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।






