Garhwa(Nityanand Dubey) : मतदाता सूची के SIR-2026 में लापरवाही पर गढ़वा प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निर्वाचन कार्य में सुस्ती बरतने पर तीन प्रभारी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। बसंत कुमार पांडेय, सुरेश चौधरी और मंगल यादव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही वेतन निकासी स्थगित करने की अनुशंसा की गई है। तीनों क्रमश: मेराल, गढ़वा और चिनियां में प्रभारी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
DC ने दिखाई सख्ती
DC पशुपति नाथ मिश्रा SIR की प्रगति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ा काम सीधे नागरिकों के मताधिकार से संबंधित है। इसलिए इसमें उदासीनता स्वीकार नहीं की जायेगी। 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित कर्मियों से जवाब-तलब किया है। प्रशासन ने BLO और BLO पर्यवेक्षकों समेत सभी संबंधित कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप काम पूरा करने का निर्देश दिया है।




