Chatra : चतरा में बड़ी वारदात की फिराक में जुटे कथित TSPC नक्सली समर्थक को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, 54 जिंदा कारतूस, 6 मिसफायर गोलियां और 2 खोखा बरामद हुये हैं। गिरफ्तार मुकेश गंझू लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र का रहने वाला है। SP अनिमेष नैथानी के अनुसार, सिमरिया रोड स्थित साईं नाथ लाइन होटल के पास हथियारबंद व्यक्ति की सूचना पर SDPO सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि करीब छह महीने पहले TSPC के एक उग्रवादी ने उसे हथियार और कारतूस उपलब्ध कराये थे। पुलिस के मुताबिक, उसका संपर्क राहुल दुबे गैंग समेत अन्य आपराधिक गिरोहों से भी था। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब उसके नेटवर्क और संभावित साजिश की जांच की जा रही है।









