मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी करने वाली, भारतीय महिला क्रिकेटर मिताली राज ने 1999 से वनडे क्रिकेट की शुरुआत की और उनका क्रिकेट करियर 21 साल 254 दिन का हो गया। सबसे लंबे वनडे करियर के मामले में श्रीलंकाई दिग्गज सनथ जयसूर्या को उन्होंने पछाड़ दिया है। हालांकि, सचिन तेंदुलकर अब भी सबसे आगे हैं। उनका करियर 22 साल 91 दिन लंबा रहा था। सचिन तेंदुलकर के साथ इस इलीट लिस्ट में शामिल होने वाली मिताली क्रिकेटर नहीं बनना चाहती थी।

3 दिसंबर 1982 को जोधपुर में पैदा हुईं मिताली की दिलचस्पी क्लासिकल डांस में काफी थी। वह एक अच्छी भरतनाट्यम डांसर हैं, लेकिन शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उनके पिता दोराई राज एक इंडियन एयरफोर्स अफसर थे। जब मिताली 10 साल की थीं तो वह उन्हें सिकंद्राराबाद में सेंट जोन्स कोचिंग कैंप में ले जाया करते थे। पिछले 12 साल से भारतीय टीम की कप्तानी करने वाली मिताली बचपन में बेहद ही आलसी थी।

यही वजह थी कि मिताली के पिता ने उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए भेजना शुरू कर दिया। मिताली का मन पहले तो क्रिकेट में ना के बराबर था लेकिन लगातार खेलने की वजह से उन्हें इससे प्यार होने लगा। 10 साल की उम्र में मिताली क्लासिकल डांस किया करती थी, लेकिन पिता के कहने पर उन्होंने डांस छोड़ बल्ला हाथ में थाम लिया। 1999 में मिताली राज ने 16 साल 205 दिन की उम्र में शतक लगाया था। उनका यह रिकॉर्ड आज भी कायम है।मिताली के पिता को हमेशा यही डर सताता था कि उनकी बेटी पूरी जिंदगी इस आदत की शिकार ना रह जाए। 
17 साल की उम्र में पहली बार मिताली का चयन भारतीय टीम में किया गया और 21 साल की उम्र में भारतीय महिला टीम का कप्तान बना दिया गया। साल 2013 में मिताली दुनिया की नंबर वन वनडे महिला क्रिकेटर भी रही थीं। मिताली आज भी भारतीय महिला टीम की कप्तानी कर रही हैं और उनके नेतृत्व टीम ने कई उपलब्धियां भी हासिल की है। मिताली राज ने पहला टेस्ट मैच जनवरी 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। वनडे में उनका पहला मुकाबला 26 जुलाई 1999 को आयरलैंड के खिलाफ खेला था। मिताली ने पहला टी-20 मैच 5 अगस्त 2006 को इंग्लैंड के खिलाफ खेला। मिलाली का टेस्ट में टॉप स्कोर 214, वनडे में 114* और टी20 में 73* है।

मिताली के नाम दुनिया में सबसे ज्यादा 210 वनडे खेलने का रिकॉर्ड भी है। वे 200+ वनडे खेलने वाली अकेली महिला क्रिकेटर हैं।उन्होंने 7 शतक और 54 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं, हरमनप्रीत कौर ने अब तक 34.95 की औसत से 2412 रन बनाए। इस दौरान 3 शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं।








