Kohramlive : रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिये अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती 2026 का संक्षिप्त नोटिस जारी कर दिया है। CEN 06/2026 के तहत देशभर में कुल 3,477 पदों पर भर्ती होगी। आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार 6 नवंबर रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। फॉर्म केवल rrbapply.gov.in के जरिये भरा जायेगा। भर्ती में पे-लेवल 5 और 6 के पद शामिल हैं। स्टेशन मास्टर, ट्रेन मैनेजर और सीनियर क्लर्क जैसे पदों पर नियुक्तियां होंगी। विस्तृत अधिसूचना में योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न और मेडिकल मानकों की जानकारी दी जायेगी।
आधार वेरिफिकेशन पर खास जोर
RRB ने उम्मीदवारों को आवेदन में आधार से पहचान सत्यापित करने की सलाह दी है। आधार में दर्ज नाम और जन्मतिथि का 10वीं के प्रमाणपत्र से मिलान होना चाहिए। फोटो और बायोमेट्रिक जानकारी भी अपडेट रखने को कहा गया है। रेलवे ने अभ्यर्थियों को दलालों और फर्जी भर्ती रैकेट से सावधान रहने की सलाह दी है। चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित परीक्षा के जरिये होगी।






