Kohramlive : बिग बॉस का घर एक बार फिर सजने वाला है, कैमरे तैयार हैं, कंटेस्टेंट्स के नामों को लेकर अटकलें तेज हैं और सलमान खान की वापसी का इंतजार अपने चरम पर है। इसी बीच ‘बिग बॉस 20’ को लेकर एक ऐसा नाम सामने आया है, जिसने भोजपुरी से लेकर टीवी और सियासत तक हलचल बढ़ा दी है। खबर है कि भोजपुरी स्टार और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी इस बार बिग बॉस के घर में नजर आ सकती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रीति का नाम इस सीजन की कंटेस्टेंट लिस्ट में शामिल है। Variety India के हवाले से यह दावा सामने आया है, जबकि बिग बॉस से जुड़े अपडेट्स के लिये चर्चित ‘बिग बॉस तक’ ने भी रीति के शो में शामिल होने की खबर की पुष्टि की है। सलमान खान का ‘बिग बॉस 20’ 6 सितंबर से शुरू होने वाला है। रीति तिवारी का जन्म 23 जून 2001 को हुआ था। वह मनोज तिवारी और उनकी पहली पत्नी रानी तिवारी की बेटी हैं। वह ‘रीति स्पोर्ट्स’ की डायरेक्टर हैं और ‘जूनी कंपनी’ नाम की जूलरी फर्म की को-फाउंडर भी बताई जाती हैं। रीति सिर्फ बिजनेस से नहीं जुड़ी हैं। वह सिंगर, कंपोजर और प्रोड्यूसर भी हैं। उनका अपना YouTube चैनल है, जहां वह अपने संगीत को फैंस के साथ शेयर करती हैं। उन्होंने मुंबई के प्रतिष्ठित जमनाबाई नरसी स्कूल से पढ़ाई की है। पिता मनोज तिवारी की तरह रीति ने भी साल 2024 में राजनीति में कदम रखा। ऐसे में अगर वह बिग बॉस के घर में पहुंचती हैं तो दर्शकों को उनके व्यक्तित्व का एक ऐसा पहलू देखने को मिल सकता है, जो अब तक कैमरे से काफी दूर रहा है।




