Pakur : पाकुड़ के अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में बुधवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दुकान में घुसे बदमाश सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गये। वारदात की खबर फैलते ही बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना पर अमड़ापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात कैमरे में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने की दिशा का पता लगाया जा रहा है।
कितने के गहने लूटे, जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बदमाश सोने और चांदी के आभूषण ले गये हैं। हालांकि कुल कितने रुपये के गहने गये हैं, इसका सटीक आकलन अभी नहीं हुआ है। दुकान संचालक और पुलिस के मिलान के बाद नुकसान का आंकड़ा स्पष्ट होगा। दिनदहाड़े मुख्य बाजार में हुई वारदात से व्यापारियों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।





