Hazaribagh : इलेक्ट्रिक वाहनों का बढ़ता कारोबार और कमाई का सपना दिखाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने वाले साइबर ठगों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बड़ा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने EV चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर कथित साइबर ठगी करने वाले पांच संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और टाटा पावर EV चार्जिंग स्टेशन के नाम से बनाये गये फर्जी दस्तावेज और आईडी कार्ड बरामद किये हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को टाटा पावर EV चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों और पहचान पत्रों के सहारे उनसे मोटी रकम वसूलने का खेल चल रहा था। मामले की भनक पुलिस तक पहुंची तो जांच शुरू हुई। हजारीबाग SP को सूचना मिली कि बाबा पथ, गुरुगुरू स्थित रामेंद्र कुमार सिन्हा के मकान में कुछ संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इसके बाद एक स्पेशल टीम बनाई गई। गठित टीम ने मकान की घेराबंदी कर वहां मौजूद पांच लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों से EV चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से साइबर ठगी किये जाने की जानकारी सामने आने का पुलिस ने दावा किया है। पकड़े गये लोगों के नाम अमरजीत कुमार, संजीव कुमार, संटू कुमार, प्रवीण कुमार और राजू कुमार बताये गये। इनमें कुछ आरोपी नवादा और नालंदा, बिहार के रहने वाले हैं। टीम में सदर SDPO रूपक कुमार सिंह, बड़ा बाजार ओपी प्रभारी मुकेश कुमार रजक, SI सुधीर कुमार, गौतम उरांव समेत अन्य पुलिसकर्मी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी।




