Dhanbad : शादी के नाम पर ठगी और लूट के कथित गिरोह का धनबाद के बरवाअड्डा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुये 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन महिलाये शामिल हैं। आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन और शादी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, मामला राजस्थान के अलवर के एक परिवार से जुड़ा है। परिवार अपने बेटे की शादी के लिए बरवाअड्डा पहुंचा था। शादी की बातचीत के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर 40 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करवाये। इसके बाद सिंदूरदान की रस्म कराई गई। शादी की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हे और उसके परिजनों को टुंडी रोड स्थित दुकान पर ले जाकर खरीदारी कराई गई।
सुनसान जगह ले जाकर मारपीट का आरोप
इल्जाम है कि खरीदारी के बाद लड़की पक्ष के लोगों का रवैया बदल गया। दूल्हे और उसके परिजनों को सुनसान जगह ले जाकर उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान दूल्हे के पिता का मोबाइल भी छीन लिया गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर बरवाअड्डा पुलिस ने जांच शुरू की और गिरोह से जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में धनबाद और गिरिडीह के लोग शामिल हैं। पुलिस ने साड़ी, लहंगा, जींस-पैंट, अंगवस्त्र, चूड़ी समेत शादी से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर कथित गिरोह के अन्य सदस्यों, पूर्व की घटनाओं और नेटवर्क के विस्तार का पता लगा रही है।






