Hazaribagh : हजारीबाग का बरही चौक उस पल दहल उठा जब दो बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुये जिले के इतिहास की सबसे बड़ी लूट को अंजाम दे डाला। 35 किलो सोना, 60 किलो चांदी और कैश…. सब कुछ ही मिनटों में लूट लिया गया। गोलियों की आवाज से चौक पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये। घटना पटना रोड स्थित जय माता दी ज्वेलर्स के पास रात करीब 9 बजे हुई। ज्वेलर्स के मालिक सुरेंद्र सोनी और उनके भाई रविंद्र दुकान बंद कर सारे जेवरात घर ले जाने ही वाले थे, तभी चार युवक हेलमेट पहने बाइक से पहुंचे। कार का शीशा तोड़ा, हथियार का भय दिखाया, हाथापाई के बाद तीन बैग और दो बोरी छीनकर फरार हो गये। बीच रास्ते में लूट के खाली ज्वेलरी बॉक्स और एक देसी कट्टा का खोखा मिला। भागने के दौरान अपराधियों की रविंद्र कुमार से झड़प भी हुई, पर बदमाश जेवर लेकर निकल गये।
क्या-क्या लूटा गया, जानें..
पीड़ित के मुताबिक गाड़ी में तीन अलग-अलग दुकानों का माल था, 35 किलो बना हुआ सोना (14, 18 और 22 कैरेट) पहचान चिन्ह सहित, 60 किलो चांदी (दो बोरी में, लगभग 30–30 किलो), लगभग साढ़े 3 किलो सोने के अतिरिक्त बने जेवर एवं नकद राशि भी गायब है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि सभी जेवरों पर पहचान चिन्ह लगे हैं, दोबारा देखने पर आसानी से पहचाने जा सकते हैं। बरही DSP अजित कुमार बिमल ने बताया कि हजारीबाग के SP के निर्देश पर SIT बना दी गई है। गठित SIT में थानेदार बिनोद कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार, SI सौरभ, सुमित, राजबल्लभ, सुशील, मृत्युंजय, सुरजीत, दीपक कुमार शामिल हैं। टीम ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। इस बीच बरही के थानेदार बिनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित का आवेदन मिला है। जांच आगे बढ़ रही है। जल्द ही घटना का उद्भेदन किया जायेगा और तभी कुल लूटा हुआ सामान का सटीक आकलन संभव होगा।




