Bihar : घरेलू विवाद को लेकर सुर्खियों में आये IPS अधिकारी भानु प्रताप सिंह की कुर्सी चली गई है। बिहार सरकार ने उन्हें खगड़िया के SP पद से हटा दिया है। अब उन्हें तत्काल प्रभाव से बिहार पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। उनकी जगह शिवहर के SP शैलेंद्र सिंह को खगड़िया की कमान सौंपी गई है। बिहार के गृह विभाग ने बुधवार को पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुये चार IPS समेत पांच पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया। एक अन्य अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इस संबंध में विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। तबादले के तहत शिवहर के SP शैलेंद्र सिंह अब खगड़िया के नये पुलिस कप्तान होंगे। वहीं, मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी को शिवहर का SP बनाया गया है। इधर, बीसैप-16 पटना के समादेष्टा और पटना एसपी (विधि-व्यवस्था) की दोहरी जिम्मेदारी संभाल रहे अपराजित को राज्यपाल का परिसहाय नियुक्त किया गया है। नवप्रोन्नत IPS अधिकारी कुमारी ममता कल्याणी को बीसैप-10 पटना के समादेष्टा के साथ बीसैप-16 का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी और पटना सिटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 राजकिशोर सिंह को छपरा का नया सिटी SP बनाया गया है।
पत्नी से विवाद ने खींचा था सबका ध्यान
दरअसल, IPS भानु प्रताप सिंह पिछले कुछ दिनों से अपनी पत्नी पूजा सिंह के साथ घरेलू विवाद को लेकर चर्चा में थे। खबर है कि उनकी पत्नी एक दिन पहले खगड़िया स्थित SP आवास पहुंची थीं। आरोप है कि उन्हें आवास में प्रवेश नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने महिला थाने में शिकायत के लिये आवेदन दिया था। बताया जाता है कि पूजा सिंह इस मामले को लेकर पुलिस मुख्यालय में DGP समेत कई आला अधिकारियों से भी गुहार लगा चुकी हैं। फिलहाल, भानु प्रताप सिंह को खगड़िया SP की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया है। हालांकि, गृह विभाग की अधिसूचना में तबादले की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। ऐसे में घरेलू विवाद और प्रशासनिक फेरबदल के बीच उनके तबादले को लेकर चर्चा तेज है।









