Ranchi : झारखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य सरकार ने इस ऐतिहासिक क्षण को सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि मानवता की मिसाल बनाने का संकल्प लिया है। इसी भावना के तहत 12 नवंबर से 28 नवंबर तक पूरे राज्य में “रक्तदान शिविर कैंपेन” चलाया जायेगा, जिसमें हर जिले में अलग-अलग स्थानों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन होगा। 12 नवंबर को इस महाअभियान का शुभारंभ प्रोजेक्ट भवन, रांची में एक मेगा ब्लड डोनेशन कैम्प से किया जायेगा। यह शुभारंभ झारखंड के इस संदेश को साकार करेगा कि “रक्तदान सिर्फ दान नहीं, जीवनदान है और यही है सच्ची सेवा झारखंड की मिट्टी की।” इस राज्यव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य रक्त की कमी को दूर करना, जरूरतमंदों तक सुरक्षित रक्त पहुंचाना एवं नागरिकों में स्वैच्छिक रक्तदान की जागरूकता बढ़ाना है। सरकार का मानना है कि इस अभियान के जरिये झारखंड न केवल रक्त की कमी से जूझते मरीजों के लिये जीवनरेखा बनेगा, बल्कि समाज में “सेवा से उत्सव” की परंपरा भी स्थापित करेगा।
हर बूंद बने जीवन
यह सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि झारखंड के 25 वर्षों का संकल्प है, एक ऐसा राज्य, जो विकास के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं में भी समृद्ध बने। जहां जीवन बचाने की भावना के हों। इसको लेकर युवाओं, संगठनों, और सामाजिक समूहों की सहभागिता, रक्त संग्रहण और वितरण की पारदर्शी व्यवस्था एवं प्रेरणादायक पोस्टर, अपील और सम्मान समारोह आयोजित करने की तैयारी है।




