Ranchi : राजधानी रांची के पुराना अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित पर्ल आर्किड अपार्टमेंट में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अपार्टमेंट के ऊपरी फ्लोर से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही पलों में धुएं ने पूरे परिसर को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे सोसाइटी में दहशत फैल गई। आग लगते ही लोग जान बचाने के लिए सीढ़ियों और लिफ्ट की ओर भागते नजर आये। गनीमत रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आग की वजह से निवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
राँची के अरगोड़ा के पर्ल आर्किड अपार्टमेंट के एक फ्लैट में आग लगी#ranchi #Jharkhand pic.twitter.com/BjjTtDHByG
— KohramLive (@KohramLive) December 26, 2025
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। युद्धस्तर पर रेस्क्यू और कूलिंग ऑपरेशन जारी था। वहीं, स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही और भीड़ नियंत्रण के साथ लोगों की मदद में जुटी हुई थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर गैस पाइप लाइन लीक होने की आशंका जताई जा रही है। हालात पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।




