Dhanbad : धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में चल रहे देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट को लेकर अब ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही ब्लास्टिंग से उनके घर दरकने लगे हैं। दीवारों में पड़ती दरारें अब सिर्फ ईंट-पत्थर की टूटन नहीं, बल्कि लोगों के भरोसे और सुकून के टूटने की कहानी बनती जा रही हैं।
घर हिल रहे हैं, बच्चे डर रहे हैं
धनसार थाना क्षेत्र के चांदमारी कोलियरी दुर्गा मंदिर के पीछे संचालित देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट के खिलाफ लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि आउटसोर्सिंग कंपनी लगातार ब्लास्टिंग और डस्टिंग कर रही है, जिससे आसपास के मकानों में दरारें पड़ने लगी हैं। कई परिवारों का कहना है कि धमाकों के दौरान घर हिलने लगते हैं और बच्चे डरकर रोने लगते हैं। इलाके में धूल और धमाकों ने लोगों की जिंदगी को बेचैन कर दिया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी ने पहले भरोसा दिया था कि बाउंड्री के बाहर खुदाई नहीं की जायेगी। लेकिन अब रात के अंधेरे में बाउंड्री वॉल तोड़कर आगे भी खुदाई की जा रही है। लोगों का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई।
मुकेश भुईयां को थाना बुलाने पर भड़के गांववाले
इसी मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठा रहे युवा समाजसेवी और दलित नेता मुकेश भुईयां को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिये थाना बुलाया गया। इसके बाद गांव के लोगों का गुस्सा उबाल पर आ गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण धनसार थाना पहुंच गये और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी थाना परिसर के बाहर जमा हो गये। लोगों ने कहा कि अगर उनकी सुरक्षा के सवाल को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन और तेज होगा। रविवार को धनसार थाना के बाहर विरोध प्रदर्शन का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने आउटसोर्सिंग कंपनी की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इसे भी पढ़ें : केवल 4 रसगुल्ले को लेकर शादी में बवाल, फिर…
इसे भी पढ़ें : PM मोदी के ‘दो नन्हें दोस्तों’ का खुल गया राज, छाया था बड़ा सस्पेंस…
इसे भी पढ़ें : 35 साल का सफर, उठी नशामुक्त झारखंड की आवाज…
इसे भी पढ़ें : फालता में किसने गाड़ा झंडा, कौन सिमटा… जानें
इसे भी पढ़ें : रांची में युवती से अ’श्ली’ल हरकत, जवान अरेस्ट






