Ranchi : नौकरी के साथ अगर परिवार की सुरक्षा का भरोसा भी मिल जाये, तो जिंदगी की कई चिंतायें अपने आप कम हो जाती हैं। झारखंड के करीब 1.75 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिये ऐसी ही एक अच्छी खबर सामने आई है। अब उन्हें बैंकिंग सुविधाओं के साथ दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा और कम ब्याज दरों पर कर्ज जैसी कई खास सुविधायें मिल सकेंगी। इस दिशा में हेमंत सरकार ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन), रांची में CM हेमंत सोरेन की मौजूदगी में राज्य के वित्त विभाग और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किये गये। इस पहल का सीधा फायदा राज्य सरकार के लगभग 1.75 लाख कर्मचारियों को मिलेगा।
गांवों तक पहुंचे बैंकिंग सुविधायें
समझौते के दौरान CM हेमंत सोरेन ने बैंकिंग सेवाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है। यहां के गरीब, वंचित, पिछड़े और आदिवासी समुदायों तक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ पहुंचना बेहद जरूरी है। बैंक अपनी सेवाओं को केवल सरकारी कर्मचारियों तक सीमित न रखें, बल्कि गांवों और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भागीदारी निभायें। CM हेमंत सोरेन ने आदिवासी समाज के संघर्ष और योगदान का जिक्र करते हुये भगवान बिरसा मुंडा समेत झारखंड के वीर सपूतों को याद किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने देश की आजादी और स्वाभिमान के लिये संघर्ष किया, उनके समाज और परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिये भी विशेष प्रयास होने चाहिये।
युवाओं को कर्ज के लिये न लगाने पड़ें चक्कर
CM हेमंत सोरेन ने बैंकों से युवाओं और छोटे उद्यमियों के लिये ऋण की प्रक्रिया आसान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिये कई योजनायें चला रही है। ऐसे में बैंकिंग व्यवस्था भी सहयोगी बने, ताकि जरूरतमंद युवा आसानी से ऋण लेकर अपना कारोबार शुरू कर सकें। उन्होंने कहा कि बैंक और आम लोगों के बीच भरोसे का रिश्ता मजबूत होना चाहिये। बैंकिंग सुविधाएं ऐसी हों, जिनका लाभ ग्रामीण इलाकों में रहने वाला सामान्य व्यक्ति भी आसानी से उठा सके। CM हेमंत सोरेन ने इस समझौते को कर्मचारियों के हित में अच्छी पहल बताया। उन्होंने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का आभार जताते हुये उम्मीद जाहिर की कि आने वाले दिनों में यह साझेदारी और मजबूत होगी। वहीं, बैंक राज्य के आम नागरिकों, खासकर आदिवासी और ग्रामीण समुदायों तक भी अपनी सेवाओं का विस्तार करेगा। इस मौके पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव प्रशांत कुमार, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के जोनल हेड गुणा चन्द्र गामी, इकोसिस्टम हब हेड रंजीत समेत राज्य सरकार और बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कर्मचारियों को क्या-क्या मिलेगा?
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में सैलरी अकाउंट रखने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों को इस विशेष पैकेज के तहत कई सुविधाएं मिलेंगी। इनमें शामिल हैं-
आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में बीमा कवर।
पूर्ण और आंशिक दिव्यांगता पर वित्तीय सहायता।
आपात स्थिति में एयर एम्बुलेंस सहित स्वास्थ्य सुविधायें।
रियायती दरों पर पर्सनल लोन।
कम ब्याज दरों पर होम लोन और वाहन ऋण।
निःशुल्क ATM कार्ड।
डिजिटल बैंकिंग से जुड़ी विशेष सुविधायें।
दिनेश कुमार शर्मा की रही सराहनीय पहल
इस समझौते को धरातल पर उतारने में झारखंड AIUBEA के असिस्टेंट सेक्रेटरी सह UBEA के जनरल सेक्रेटरी दिनेश कुमार शर्मा की पहल और प्रयास भी सराहनीय रहे। कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुये उन्होंने इस दिशा में लगातार प्रयास किये। उनकी सक्रियता और सकारात्मक पहल से राज्य के करीब 1.75 लाख सरकारी कर्मचारियों को विशेष सैलरी पैकेज का लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ है। यह पहल न केवल कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूती देगी, बल्कि उनके और उनके परिवारों के भविष्य को भी अधिक सुरक्षित बनाने में मददगार साबित हो सकती है। जनरल सेक्रेटरी दिनेश कुमार शर्मा का मानना है कि यह समझौता झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिये बैंकिंग सुविधाओं को एक नई दिशा देने वाला कदम है। इस विशेष सैलरी पैकेज का लाभ कर्मचारियों तक तेजी से पहुंचेगा।










