Garhwa : गढ़वा में लगातार भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुये गढ़वा में 2 और 3 सितंबर को सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में शिक्षण कार्य स्थगित कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, जिले में भारी बारिश के कारण कई शहरी और ग्रामीण इलाकों के विद्यालयों में पानी भरने और जलजमाव की सूचना मिल रही है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुये यह फैसला लिया गया है। आदेश के अनुसार, प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में दो दिनों तक पढ़ाई नहीं होगी। हालांकि सभी शिक्षक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्य करेंगे।





