UP : जिस घर में कभी हंसी-खुशी की आवाजें गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है। एक आठ साल की मासूम के सिर से मां का साया हमेशा के लिये उठ गया। इल्जाम है कि पति ने ही अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने घर में ताला लगाया और फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि भागने से पहले उसने खुद अपने ससुर को फोन कर कहा कि उसने उनकी बेटी को मार दिया है। करीब सात घंटे बाद जब पुलिस ने बंद घर का ताला तोड़ा, तो अंदर महिला का शव पड़ा मिला। दिल दहला देने वाली यह घटना यूपी के बाराबंकी जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित रसूलपुर मोहल्ले की है। मृतका की पहचान सीमा वर्मा के रूप में हुई है, वहीं, संदेही गुनहगार पति का नाम संदीप वर्मा बताया गया है।
विवाद से शुरू हुई कहानी का खौफनाक अंत
पुलिस के मुताबिक, संदीप वर्मा अपनी पत्नी सीमा और आठ साल की बेटी के साथ रसूलपुर में रहता था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर संदीप ने सीमा की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने घर को बाहर से बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया। लेकिन उसके अगले कदम ने इस घटना को और भी विचलित करने वाला बना दिया। आरोपी ने खुद अपने ससुर धर्मेंद्र को फोन किया और बेटी की हत्या करने की बात बता दी। बेटी की हत्या की खबर सुनकर पिता धर्मेंद्र के पैरों तले जमीन खिसक गई। वह करीब सात घंटे बाद दामाद के घर पहुंचे। वहां बाहर से ताला लगा देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तुड़वाया। घर के भीतर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। कमरे में सीमा का शव पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाये साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुये ASP उत्तरी विवेक तिवारी और सीओ सिटी आफताब आलम घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य भी जुटाये गये। ASP विवेक तिवारी ने मीडिया को बताया कि धर्मेंद्र नाम के व्यक्ति ने पुलिस को अपनी बेटी की हत्या की सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल आरोपी पति संदीप फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।









