Bokaro : ढोल-नगाड़ों की थाप, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बेटियों के बुलंद हौसलों के बीच बोकारो GGPS, बीएस सिटी में प्रथम दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल ट्रॉफी महिला राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2025 का शानदार आगाज हुआ। पूरा परिसर खेल, संस्कार और संस्कृति के अद्भुत संगम का गवाह बना। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, विधायक टुंडी सह अध्यक्ष झारखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन मथुरा प्रसाद महतो, विधायक चंदनकियारी उमाकांत रजक, उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा, ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष फिरोज अहमद, महासचिव संजय शर्मा समेत अन्य अतिथियों ने साझा तौर से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
17 राज्यों की 500 बेटियां, लक्ष्य एक
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों से करीब 500 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। अलग-अलग आयु और भार वर्गों में चल रही यह चैंपियनशिप बेटियों को राष्ट्रीय मंच पर दमखम, अनुशासन और आत्मविश्वास दिखाने का सुनहरा मौका दे रही है। मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि बोकारो अब खेल, शिक्षा और संस्कृति, तीनों क्षेत्रों में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह प्रतियोगिता भविष्य में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने दो टूक कहा कि “बेटियां अभिशाप नहीं, समाज का सबसे बड़ा वरदान हैं। आज वे हर क्षेत्र में देश और राज्य का नाम रोशन कर रही हैं।” विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड ने खेल के क्षेत्र में ठोस कदम बढ़ाये हैं।
उन्होंने बताया कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सीधे पदाधिकारी पद पर नियुक्ति दी जा रही है, जिससे खिलाड़ियों का हौसला आसमान छू रहा है। उन्होंने मार्च माह में राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता के आयोजन की भी जानकारी दी। विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगितायें युवाओं में खेल के प्रति नई चेतना जगाती हैं। उन्होंने कहा कि “झारखंड खेलों में पीछे नहीं है। धोनी, सौरव तिवारी और ईशान किशन ने राज्य को वैश्विक पहचान दी है। बोकारो जल्द ही खेल और शिक्षा का बड़ा केंद्र बनेगा।” बोकारो के DC अजय नाथ झा ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुये कहा कि बेटियां समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि “ताइक्वांडो सिर्फ खेल नहीं, आत्मरक्षा और आत्मविश्वास का पाठ है। यह सिखाता है कि डर के आगे जीत है।” उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण और खेल विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष फिरोज अहमद और महासचिव संजय शर्मा ने महिला खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इससे पहले अतिथियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, GGPS स्कूल प्रबंधन, प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।




