Kohramlive : 18वें BRICS लीडर्स समिट को लेकर राजधानी दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे। DOPT ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। समिट 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होगा। यहां BRICS बिजनेस फोरम और लीडर्स समिट समेत कई अहम बैठकें होंगी। 11 सितंबर की छुट्टी के बाद 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार है। यानी नई दिल्ली स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों में लगातार तीन दिन कामकाज बंद रहेगा।
विदेशी मेहमानों की आवाजाही, सुरक्षा कड़ी
समिट में BRICS देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल होंगे। सहयोगी देशों के डेलीगेशन भी नई दिल्ली पहुंचेंगे। विदेशी मेहमानों के ठहरने के लिए ताज, मौर्य शेरेटन, ली मेरिडियन, अशोक, सम्राट, क्लेरिजेस, लीला, शांगरी-ला, जनपथ और ताज मान सिंह समेत कई बड़े होटलों में व्यवस्था की गई है। मेहमानों की आवाजाही और सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। राजधानी में व्यापक सुरक्षा और लॉजिस्टिक इंतजाम किये जा रहे हैं।




