Ranchi : साल के आखिरी दिन ठंड ने झारखंड को कसकर थाम रखा है। रांची, गुमला, खूंटी और लोहरदगा में शीतलहर जैसी हालत है, वहीं, राज्य के 14 जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे फिसल चुका है। सिहरन के बीच राहत की खबर यह है कि नये साल का आगाज नरम गुलाबी धूप के साथ होने वाला है। हां, सुबह-सुबह घने कोहरे की चादर कहीं-कहीं रास्ते जरूर ढक सकती है। रांची के मौसम केंद्र के अनुसार, कुल 14 जिले ऐसे हैं, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जा चुका है। साल के अंतिम दिन 12 जिलोंगढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण आम जनजीवन पर असर साफ दिखा, लिहाजा मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया। 1 जनवरी की सुबह भी सावधान रहने की जरूरत है। गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में घना कोहरा पड़ सकता है। ठिठुरते दिसंबर के बाद जनवरी की पहली सुबह राहत का पैगाम लेकर आयेगी। तापमान में धीरे-धीरे सुधार होगा और धूप की नरमी ठंड के तेवर ढीले करेगी। फिलहाल, सुबह कोहरा, दिन में धूप—यही नये साल की पहली तस्वीर है।
कांपते दिसंबर को अलविदा, गुलाबी धूप से नये साल की दस्तक…
Date:







