Kohramlive : राजस्थान के भरतपुर में खदान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। इस घटना में बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें पहले वैर अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, विवाद अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश भड़ाना की माइनिंग लीज को लेकर था। ग्रामीण पिछले साल से ही इसका विरोध कर रहे थे। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। बाद में यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
पहले बिजली काटी, फिर सिक्योरिटी गार्ड पर हमला
घायल सिक्योरिटी गार्ड गगन शर्मा ने बताया कि घटना के समय सभी लोग खाना खा रहे थे। तभी कुछ लोग पहाड़ी की ओर से आए और बिजली काट दी। चारों ओर अंधेरा छा गया। इसी दौरान गगन के सिर पर किसी चीज से हमला किया गया, जिससे वह बेहोश हो गये। उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्हें कुछ याद नहीं है। पूर्व विधायक की मौत के बाद रायपुर और भोंडा गांव में तनाव का माहौल है। हालात संभालने के लिए 200 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है, ताकि दोबारा हिंसा न भड़के।









