Kohramlive : आसमान में सफर कर रहे यात्रियों के लिये रविवार का दिन अचानक डर और दहशत से भर गया। दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के अंदर सामान रखने वाली जगह से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते यात्रियों की नजरें उसी तरफ टिक गईं। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर माजरा क्या है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक यात्री के पावर बैंक में खराबी आने के कारण यह घटना हुई। हालात की गंभीरता को देखते हुये पायलटों ने विमान का रास्ता बदलने का फैसला लिया। विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया, जहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विमान के अंदर कुछ यात्री अपने बैग की मदद से आग बुझाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। हवा में हजारों फीट की ऊंचाई पर सफर के दौरान ऐसी स्थिति हर यात्री के होश उड़ा दिये। हालांकि, केबिन क्रू ने तत्परता दिखाई और अग्निशामक यंत्रों की मदद से स्थिति पर काबू पा लिया। समय रहते उठाये गये कदमों से बड़ा हादसा टल गया। इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई6115 एयरबस ए321-251एन विमान से संचालित हो रही थी। विमान को दिल्ली से दोपहर 1.10 बजे रवाना होना था, लेकिन इसने दोपहर 1.30 बजे उड़ान भरी। इसे शाम 4 बजे चेन्नई पहुंचना था।
इंडिगो ने बताया, निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से निकला धुआं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इंडिगो ने अपने बयान में बताया कि 11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही उड़ान 6ई6115 में एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने लगा था। केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई करते हुये स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुये विमान को हैदराबाद ले जाने का निर्णय लिया गया। प्रारंभिक जानकारी में पावर बैंक में खराबी को घटना की वजह बताया गया है। हालांकि, घटना के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत तकनीकी जानकारी सामने आना बाकी है।
VIDEO | Hyderabad: Smoke detected in Chennai-bound Indigo flight from Delhi; plane diverted to Hyderabad, lands safely. Inside visuals from the plane.
(Source: Third Party)
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/RSt6vbeTpB
— Press Trust of India (@PTI_News) October 11, 2026









