Kohramlive : मायानगरी में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गोरेगांव ईस्ट स्थित फिल्म सिटी में शूटिंग के लिये बनाये गये एक अस्थायी सेट पर अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आग रिलायंस मीडियावर्क्स के पास और प्राइम फोकस स्टूडियो के पीछे बने सेट पर लगी थी। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाल लिया। बीएमसी मुंबई फायर ब्रिगेड के हवाले से मीडिया में आई खबर के मुताबिक, आग की सूचना शाम 4.02 बजे मिली। घटना को लेवल-वन की श्रेणी में रखा गया। आग मुख्य रूप से एक अस्थायी पीसीआर यूनिट तक सीमित रही। हालांकि इस दौरान सेट पर मौजूद कई सामान आग की चपेट में आ गये। रिपोर्ट के मुताबिक, इलेक्ट्रिकल वायरिंग, बिजली के उपकरण, केबल, दरवाजे, लकड़ी के तख्ते, एसी यूनिट, बांस, प्लास्टिक का सामान, साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़ी अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा है।
53 मिनट में आग पर काबू
फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुये करीब 4.55 बजे आग पर काबू पा लिया। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। मौके पर फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस, बीएमसी वार्ड कंट्रोल और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें भी मौजूद रहीं। हादसे के बाद सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में चर्चा तेज है कि यह सेट डायरेक्टर नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ से जुड़ा हुआ था। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आयेंगे। वहीं रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण पार्ट वन’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता है। फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि आग ‘रामायण’ के सेट पर ही लगी थी। आग लगने की वास्तविक वजह और कुल नुकसान का आकलन भी फिलहाल सामने नहीं आया है।
A fire broke out at a temporary shooting set linked to director Nitesh Tiwari’s ‘Ramayana’ at Film City in Goregaon East on Monday evening. According to the BMC Fire Brigade, the blaze was reported at 4:02 pm and brought under control by 4:55 pm. No injuries were reported. https://t.co/4azYGy6KLZ
— Visshal Singh (@VishooSingh) October 5, 2026







