Kohramlive : छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों को करारा झटका दिया है। भीषण मुठभेड़ में 12 माओवादी मारे गये, जबकि घटनास्थल से AK-47, INSAS और SLR राइफल्स समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किये गये हैं। मुठभेड़ की पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने की है। सुकमा के दक्षिणी इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर जिला पुलिस, डीआरजी और अन्य सुरक्षा बलों ने शनिवार सुबह बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। किस्ताराम थाना क्षेत्र के पलोदी–पोटाक्पल्ली और पामलूर के जंगलों में जैसे ही जवान आगे बढ़े, नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया और जंगल गोलियों की गूंज से थर्रा उठा।
कोंटा एरिया कमेटी को बड़ा नुकसान
इस मुठभेड़ में कोंटा क्षेत्र समिति के सचिव मंगदू समेत कुल 10 नक्सली ढेर होने की पुष्टि पुलिस ने की है, जबकि कुल मृत नक्सलियों की संख्या 12 बताई जा रही है। ऑपरेशन के दौरान रुक-रुक कर फायरिंग जारी रही, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। हालांकि सुरक्षा कारणों से ग्रामीणों को पहले ही सतर्क कर दिया गया था। मुठभेड़ स्थल से स्वचालित हथियारों का बड़ा जखीरा मिला है। पुलिस के मुताबिक मारे गये नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।




